पंजाब विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गुरुवार को राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उन्हें राज्यपाल वीपी सिंह बडनोरे ने राजभवन में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई उनके साथ उनकी कैबिनेट के 9 मंत्री भी शपथ ले रहे हैं। यह दूसरी बार होगा जब कैप्टन राज्य में मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाल रहे हैं। वो राज्य के 26वें मुख्यमंत्री बन चुके हैं।
उनके बाद ब्रह्म मोहिदर और नवजोत सिंह सिद्धू ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण के बाद सिद्धू ने कैप्टन के पैर छू कर आशीर्वाद भी लिया। उनके डिप्टी सीएम बनने पर अब भी सस्पेंस बना हुआ है। कहा जा रहा है कि कैप्टन उन्हे डिप्टी सीएम नहीं बनाना चाहते जबकि पार्टी आलाकमान को इस बात पर कोई एतराज नहीं है। बहीं खबर यह भी है कि कैप्टन उन्हें शहरी विकास मंत्रालय दे सकते हैं। इनके बाद मनप्रीत बादल ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली और उनका वित्तमंत्री बनना तय है।
इसके बाद साधु सिंह धर्मसोत, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, राणा गुरजीत सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली जबकि अरुणा चौधरी और रजिया सुल्ताना ने राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में शपथ ली।
यादगार बनेगा अमरिंदर का शपथ ग्रहण समारोह
कैप्टन अमरिंदर सिंह के शपथ ग्रहण समारोह को यादगार बनाने के लिए देशभर से प्रमुख कांग्रेसी नेताओं के अलावा अन्य कई दलों के नेता पहुंचे हैं। समारोह को हालांकि अमरिंदर ने सादा रखने की बात कही थी मगर इसमें पार्टी नेताओं व वर्करों समेत करीब 1200 लोगों के पहुंचने की बात कही जा रही है।
शपथ ग्रहण में राहुल गांधी और मनमोहन सिंह नजर आए वहीं बुधवार को राजभवन से जिन नेताओं के पहुंचने की पुष्टि की गई है उनमें फारूख अब्दुल्ला, अखिलेश यादव, भूपिंदर सिंह हुड्डा और वीरभद्र सिंह आदि के नाम भी शामिल हैं।
इनके अलावा पी चिदंबरम, सलमान खुर्शीद, उमर अब्दुल्ला, दिग्विजय सिंह, सीपी जाेशी, अहमद पटेल, अजय माकन, अंबिका सोनी, आनंद शर्मा, अर्चना डालमिया, कपिल सिब्बल, वीरप्पा मोइली, मलिका अर्जुन खडके, मीनाक्षी नटराजन, मिलिंद मुरली देवडा, मोहसिना किदवई, सचिन पायलट, रेणुका चौधरी, राजीव शंकर राव साटव, राज बब्बर, आस्कर फर्नाडीज, मोहम्मद असलम एवं फिरोजा, मुकुल वासनिक भी पंजाब राजभवन में कैप्टन अमरिंदर के शपथ ग्रहण समारोह के गवाह बने।