गुजरात विधानसभा चुनाव से ठीक पहले विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल ने भी अपने कैडर को तैयार करने के लिए हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया है। पाटीदार महासम्मेलन के स्थल पर ही हिन्दू संगठन अपनी ताकत बताऐंगे। 26 मार्च को विहिप व दल का विराट हिन्दू सम्मेलन बुलाया गया है।
आरक्षण की मांग को लेकर करीब दो साल पहले पाटीदार समाज का अहमदाबाद के जीएमडीसी मैदान पर पाटीदार महारैली का एतिहासिक आयोजन हुआ था, महारैली में आई लाखों की भीड़ के बाद कोई यादगार चुनावी सभा यहां नहीं हो सकी।
विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल अपनी ताकत बताने के लिए आगामी 26 मार्च को इसी मैदान पर विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन कर रहे हैं। विहिप के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया व बजरंग दल के प्रांतीय महामंत्री रणछोड भरवाड़ इस सम्मेलन का संयोजन कर रहे हैं।
आगामी विधानसभा चुनाव से पहले विहिप व दल की यह पहली विशाल रैली होगी। अभी तक दोनों ही प्रमुख संगठन व उनकी सहयोगी संस्थाएं हिन्दू समाज में जागृति व सेवा कार्य से जुड़े हुए थे। इससे पहले वर्ष 2012 में विहिप ने कांकरिया फुटबाल मैदान में सभा का आयोजन किया था जिसमें राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघ चालक मोहन भागवत सहित कई जाने माने संत महात्मा शामिल हुए थे।