मंडला की सुरभि को मिली इसरो में २२ वी रैंक

जब वह छठी कक्षा में थी तभी से अंतरिक्ष के बारे में जानने की जिज्ञासा होने लगी थी। अंतरिक्ष के बारे में किताबें पढ़ने में रुचि रखने वाली आदिवासी जिले मंडला की बिटिया सुरभि नामदेव वैज्ञानिक बनने का सपना देखती था। इसरो में चयन होते ही उसका यह सपना पूरा हो गया।
पहले ही अटेम्प्ट में ही इसरो में वैज्ञानिक के लिए चयनित हुई सुरभि को यह तोहफा भी 8 मार्च विश्व महिला दिवस पर मिला। इस खुशी को उसने अपने फेसबुक अकाउंट में परफेक्ट गिफ्ट ऑन परफेक्ट डे लिखकर शेयर किया है।
सुरभि ने प्रसिद्ध अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला के बारे में बहुत पढ़ा था। उन्हीं से प्रेरित होकर बीटेक (मेकेनिकल) किया। इसके अलावा पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम आजाद से भी प्रभावित रही। उनकी आटो बायोग्राफी ‘अग्नि की उड़ान’ पढ़ी। इनसे भी इसरो में जाने की प्रेरणा मिली । सुरभि उद्यान विभाग में अधीक्षक चंद्रगुप्त नामदेव और हाईस्कूल बिंझिया की प्राचार्य कल्पना नामदेव की बेटी है।
सुरभि ने लोगों को संदेश दिया है कि प्रतियोगी छात्र फेलुअर से डिमोरलाइज न हों। फेलुअर आने से रूकें नहीं। अपने ड्रीम पर फोकस रखें और उसे पूरा करें। असफलता के बाद ही सफलता मिलती है।
सुरभि ने बताया कि जुलाई 2016 में दिल्ली में ही रिटन एग्जाम दिया था। इसके बाद 21 दिसंबर को साक्षात्कार दिया। परीक्षा पास करने के बाद देशभर के 900 लोगों को बुलाया गया था। जिसमें से मात्र 90 को चयनित करना था। इसमें 62वीं रैंक सुरभि को मिली है। 8 मार्च का दिन उसके लिए कभी न भूलने वाला दिन हो गया। उसने प्रतिस्पर्धा भी आरक्षित कोटे की बजाय सामान्य वर्ग से की है।
तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर की सुरभि ने अपनी पढ़ाई मंडला और जबलपुर से हिंदी मीडियम से की है। प्राइमरी शिक्षा मंडला जिले के बिछिया तहसील के सिझौरा के मिशन स्कूल से ली। मिडिल स्कूल की पढ़ाई सरकारी स्कूल में हुई। जिला मुख्यालय मंडला के निर्मला हाईस्कूल से दसवीं की पढ़ाई की।
11वीं और बारहवीं की पढ़ाई जबलपुर के सरकारी स्कूल एमएलबी से करने के बाद 2011 में ट्रिपल आईटी में चयन हुआ और इंडियन इंस्टीट्यूट आफ इंफार्मेशन टेक्नालाजी डिजाइन एंड मेन्युफैक्चरिंग जबलपुर से पढ़ाई पूरी की। 2015 में पढ़ाई पूरी करने के बाद एक साल दिल्ली में रहकर कोचिंग ली और पहले ही अटेम्प्ट में इसरो में चयनित हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *