यूपी के सीएम का कामकाज संभालने के बाद योगी आदित्यनाथ ऐक्शन में नजर आ रहे हैं। सीएम ने मांस के अवैध कारोबार, बूचडख़ानों और गौ-तस्करी पर लगाम कसने के लिए हाल ही में कई बड़े आदेश दिए थे। वहीं, यूपी के स्कूल-कॉलेजों के बाहर लड़कियों से छेडख़ानी करने वालों से निपटने के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड भी हरकत में है। इसी क्रम में गुरूवार को भी योगी सरकार ने एक के बाद एक कई बड़े फैसले लिए, जिसके बाद यूपी का पुलिस-प्रशासन हरकत में नजर आ रहा है।
थाने के औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे योगी
पुलिस की सजगता की जांच करने के लिए सीएम आदित्यनाथ गुरूवार को लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली पहुंचे। योगी के अचानक कोतवाली पहुंचने के बाद अफसरों और अन्य पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। योगी के साथ डीजीपी जाविद अहमद और कई बड़े अफसर मौजूद थे। सीएम ने थाने के हालात का जायजा लिया और पुलिसवालों को जरूरी निर्देश दिए।
सीएम महिला थाने का मुआयना करने के लिए भी पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, योगी के इस औचक दौरे के बारे में कई बड़े अफसरों को पता ही नहीं था। माना जा रहा है कि सीएम इस तरह के कदम उठाकर अफसरों को हमेशा मुस्तैद रहने का मेसेज देने की कोशिश कर रहे हैं। सीएम ने बाद में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कानून-व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए सभी जरूरी कदम जल्द से जल्द उठाए जाएंगे।
स्कूल के माहौल पर भी निर्देश
योगी ने स्कूल-कॉलेजों में शिक्षा का माहौल बेहतर करने को लेकर कई अहम निर्देश दिए हैं। सीएम ने आदेश दिया है कि शिक्षक कैजुअल कपड़े पहनकर स्कूल न आएं और अपने लिबास का खास ख्याल करें। स्कूल परिसर में मोबाइल के बेजा इस्तेमाल पर लगाम सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा, परिसरों के बाहर शरारती तत्वों से निपटने के लिए पुलिस को गश्त बढ़ाने और जरूरी कदम उठाने के लिए भी कहा गया है।
स्कूल-परिसरों में गुटखा और पान के दाग न नजर आएं, इसके लिए जल्द से जल्द कदम उठाए जाने का आदेश भी दिया गया है। वहीं, परीक्षा में नकल रोकने के लिए डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न जिलों के डीएम से बात करेंगे।