एयर इंडिया के अधिकारी को पीटने वाले शिवसेना के सांसद रविंद्र गायकवाड़ का पता नहीं चल रहा है। शनिवार को उनको मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर उतरना था, लेकिन वे नहीं उतरे।
शिवसेना सूत्रों के अनुसार, संभवतः वे गुजरात के वापी स्टेशन पर उतर गए। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि वे वहां से मुंबई के लिए रवाना हुए या फिर अपने घर उस्मानाबाद चले गए।
देश की बड़ी विमानन कंपनियों द्वारा उड़ान पर पाबंदी लगाए जाने के बाद वे ट्रेन से दिल्ली से मुंबई जा रहे थे। वे शनिवार रात नौ बजे तक उस्मानाबाद स्थित अपने घर पर नहीं पहुंचे थे, जहां उनके समर्थक और मीडिया के लोग उनका इंतजार कर रहे थे।
गुरुवार को उन्होंने एयर इंडिया के विमान में इसके 60 साल के ड्यूटी मैनेजर के साथ मारपीट की थी। इस घटना को लेकर माफी मांगने से इन्कार के बाद विमानन कंपनियों ने उनके खिलाफ प्रतिबंध लगा दिया है।