सूर्यदेव के तीखे तेवर आसमान से बरस रही आग

समूचा देश इस समय प्रचंड गर्मी से झुलस रहा है। मार्च में ही सूर्यदेव के तेवर तीखे नजर आ रहे हैं और आसमान से आग बरस रही है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्यप्रदेश, झारखंड, हरियाणा सहित कई राज्यों में पारा मार्च महीने में 38 डिग्री पार कर गया है।
अचानक मौसम में हुए बदलाव के बाद नित नए रिकॉर्ड टूट रहे हैं। दिल्ली में सात साल बाद मार्च में इतनी गर्मी पड़ी, तो देहरादून में 2001 के बाद मार्च मे इतनी गर्मी हो रही है। दिल्ली में बुधवार को गर्मी ने सात साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पालम में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्म हवा के थपेड़े भी पड़े।
वर्ष 2010 में मार्च में पारा 39.2 डिग्री सेल्सियस तक गया था। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आसमान साफ होने से भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। बुधवार को औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक (38.2) और औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक (23.1) दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश में तापमान उछल कर सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस ज्यादा पहुंच गया है। बीते तीन-चार दिनों से लगातार बढ़ रहा तापमान बुधवार को अपने सर्वाधिक स्तर पर रिकॉर्ड किया गया। बांदा 43.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, वहां तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
झांसी में तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है। इलाहाबाद, वाराणसी, हमीरपुर, आगरा में भी पारा 40-41 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया। लखनऊ व कानपुर में पारे ने बीते कई साल के रिकॉर्ड तोड़ दिए, वहां तापमान 39 डिग्री के पार पहुंच गया।
रेवाड़ी में 40 तो हिसार में 39 डिग्री दर्ज हुआ तापमान
बुधवार को हरियाणा के रेवाड़ी का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और हिसार का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मार्च माह में ही इतना तापमान होने से लोगों को जून महीने की याद आ गई। प्रदेश में बीते तीन दिन से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। तापमान में हो रही इस लगातार की बढ़ोतरी की वजह से गेहूं की फसल भी तय समय से पहले पक गई है।
झारखंड में 42 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचा पारा
झारखंड में भी गर्मी ने अपने तेवर दिखा रही है। मार्च महीने में रिकॉर्ड तोड़ और आग उगलती गर्मी ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। झारखंड का पारा 42 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। बुधवार को सबसे गर्म दिन जमशेदपुर व पलामू का रहा।
यहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। राज्य के छह जिले ऐसे रहे जहां का अधिकतम तापमान 40 डिग्री को पार कर गया तो अन्य जिले भी पीछे नहीं रहे। चेहरे को झुलसा देनेवाली भीषण गर्मी को देख लोग इसे मिर्च जैसी तीखी बता रहे हैं। राजधानी रांची भी भीषण गर्मी से अछूती नहीं रही।
देहरादून में 16 साल का रिकॉर्ड टूटा
देहरादून में पारे में मार्च में गर्मी का 16 साल का रिकॉर्ड ही तोड़ दिया। अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार को देहरादून समेत मैदानी क्षेत्रों में पारे में थोड़ी कमी आएगी। यह 35 डिग्री के आसपास बना रहेगा। राज्यभर में इन दिनों अधिकतम तापमान सामान्य से छह से आठ डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *