सरकार एच1-बी वीजा के मसले पर अमेरिकी प्रशासन के साथ बातचीत कर रही है और इसके लिए उद्योग के साथ मिलकर काम कर रही है। यह जानकारी वाणिज्य व उद्योग मंत्री सीतारमण ने दी।
यहां एक कार्यक्रम में सीतारमण ने कहा कि सरकार वीजा के मसले पर उद्योग के साथ मिलकर काम कर रही है। बदलाव के दौर से गुजर रहे आइटी उद्योग को सरकार की मदद की जरूरत है।
हम इसके लिए उद्योग के साथ लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि वाणिज्य व विदेश सचिव ने इस मसले पर अमेरिका जाकर प्रशासन के साथ बातचीत की थी।
सीतारमण ने कहा कि उद्योग समझता है कि हम अमेरिका जाते हैं, वहीं अमेरिकी कंपनियां भारत आती हैं और पिछले कई वर्षों से वे यहां निवेश कर रही हैं। वे भारत में विस्तार भी कर रही हैं।
वीजा के मसले पर जहां हम अपने लोगों के लिए चिंतित हैं, वहीं भारत में ये कंपनियां अपने निवेश को लेकर चिंतित हैं। हम यहां सिर्फ एच1-बी वीजा की बात कर रहे हैं।
लेकिन अमेरिकी कंपनियों के लिए भी यह सवाल है कि भारत में निवेश के लिए पर्याप्त संरक्षण है या नहीं।