3700 करोड़ रुपए के फर्जीवाड़े में फरार सुनील मित्तल

सोशल ट्रेडिंग के नाम पर 3700 करोड़ रुपए के फर्जीवाड़े में फरार कंपनी के पूर्व निदेशक सुनील मित्तल को एसटीएफ व एसआइटी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी शुक्रवार शाम सिहानी गेट गाजियाबाद के नवयुग मार्केट के पास से हुई। सुनील मित्तल एब्लेज कंपनी के संचालक व फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड अनुभव मित्तल का पिता है। एब्लेज इंफो सॉल्यूशन का सितंबर 2010 में रजिस्ट्रेशन हुआ था और उस समय अनुभव के साथ सुनील भी कंपनी में निदेशक था।
सीओ एसटीएफ राजकुमार मिश्र ने बताया कि पत्नी आयुषी मित्तल को 2015 में अनुभव ने निदेशक बनाया था। इससे पहले उसने पिता सुनील को निदेशक पद से हटा दिया था। सुनील के निदेशक रहते हुए ही फर्जीवाड़े का खेल शुरू हो चुका था। दो फरवरी को फर्जीवाड़े के पर्दाफाश के बाद से ही सुनील फरार चल रहा था। इस मामले में कोतवाली फेज तीन में केस दर्ज है और एसआइटी जांच कर रही है।
सीओ एसटीएफ ने बताया कि आरोपी के पास से एक एंडेवर गाड़ी बरामद हुई है। गाड़ी किसी संतोष के नाम से रजिस्टर्ड है। सुनील ने पूछताछ में एसटीएफ को बताया है कि इस गाड़ी में भी अनुभव का पैसा लगा है। अबतक इस केस में कंपनी संचालक अनुभव मित्तल सहित कुल पांच लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट को जारी ई-मेल आइडी आदि पर अब तक 16 हजार लोग अपनी शिकायत दे चुके हैं। इनमें करीब 100 शिकायत विदेशों से भी आई हैं। मामले में आयकर और प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने कंपनी के दफ्तर आकर जांच की थी। पिछले दिनों ईडी ने कंपनी की 600 करोड़ की संपत्ति अटैच की थी।
गौरतलब है कि यूपी एसटीएफ ने एक फरवरी को सेक्टर 63 के एफ ब्लाक स्थित एब्लेज इंफो कंपनी में छापेमारी की थी। इस दौरान कंपनी संचालक अनुभव मित्तल, श्रीधर प्रसाद (सीईओ) और महेश दयाल (टेक्निकल हेड) की गिरफ्तारी कर साढ़े छह लाख लोगों से 3700 करोड़ के फर्जीवाड़े का एसटीएफ ने पर्दाफाश किया था।
एसटीएफ के अनुसार सुनील मित्तल मूलरूप से पिलखुवा के किशनगंज (हापुड़) का रहने वाला है। पिलखुवा में उसकी मित्तल इलेक्ट्रानिक नाम से फर्म भी है। दो फरवरी को हुए फर्जीवाड़े के पर्दाफाश से पहले फर्जीवाड़ा करने वाली कंपनी एब्लेज इंफो के इस बैंक खाते से सुनील मित्तल के फर्म मित्तल इलेक्ट्रानिक के बैंक ऑफ इंडिया पिलखुवा खाते में पांच करोड़ रुपए ट्रांसफर हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *