छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की लोकप्रियता का जबरजस्त क्रेज दिल्ली में भी है। इसका नजारा सोमवार को संसद भवन परिसर में देखने को मिला, जब वह प्रदेश के सांसदों के लिए संसद भवन परिसर में आयोजित लंच में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे थे। वह जैसे ही संसद भवन परिसर में दाखिल हुए, उनसे मेल मुलाकात करने के लिए तमाम नेता और सांसद आतुर दिखे।
तेलंगाना से कांग्रेस के एक सांसद ने तो उन्हें गैलरी में रोक लिया और अपना परिचय दिया। कहा कि-मै नंदी चेल्ली। तेलंगाना से हूं। छह बार से लोकसभा और दो बार राज्यसभा का भी सांसद रहा हूं। आपको टीवी पर देखता हूं। आप काफी अच्छा काम कर रहे है।
मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने इस दौरान संसद के गलियारे में मौजूद कांग्रेस के छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रभारी और मौजूदा समय में पाण्डिचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायण सामी से भी मिले। दोनों के बीच बातचीत भी हुई। इसके बाद वह जैसे ही आगे बढ़े उनकी मुलाकात भाजपा नेता और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के बेटे सुनील शास्त्री से हुई।
दोनों के बीच कुछ देर तक रुककर बाचचीत हुई। इसके अलावा संसद के गलियारे में मौजूद तमाम सांसद और नेताओं ने भी आगे बढ़कर सीएम रमन सिंह ने मुलाकात की। इस दौरान कुछ लोगों ने सीएम के साथ सेल्फी लेने की पेशकश भी की। जिसे सीएम ने स्वीकार किया।
संसद का रास्ता बताने वालों को टोका, कहा-उन्होंने यहां काम किया है, काफी कुछ पता है
संसद भवन पहुंचे सीएम रमन सिंह को संसद के सुरक्षा में अधिकारियों और कर्मचारियों ने जब रास्ता बताने की कोशिश, तो उन्होंने उन सभी को टोका और कहा कि वह संसद में काम कर चुके है।काफी रास्ता पता है। इस दौरान साथ चल रहे अफसरों ने ठहाके भी लगाए।
संसद में सीएम की लंच डिप्लोमेसी, वोरा से अकेले में की गुफ्तगू
प्रदेश के सांसदों के लिए संसद भवन परिसर में सीएम की ओर से रखे गए लंच में सोमवार को प्रदेश के लगभग सभी सांसदों ने हिस्सा लिया। इनमें कांग्रेस के भी सासंद शामिल थे।कांग्रेस ने जिन प्रमुख नेताओं ने सीएम के साथ लंच में हिस्सा लिया,उनमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोती लाल वोरा, तामध्वज साहू और छाया वर्मा भी रही है।
सीएम ने इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता वोरा को पूरा तबज्जो दिया। साथ अलग से उनके साथ गुफ्तगू भी की।
सांसदों से लंच के दौरान मेल-मुलाकात के बाद सीएम डॉ. रमन सिंह ने बताया कि प्रदेश के सभी सांसदों से विकास कार्यों को लेकर चर्चा हुई। जिन योजनाओं में केंद्र से मदद मिल रही है,उसकी भी जानकारी उन्हें दी है।
एक सवाल के जबाव में सीएम ने कहा कि उनकी पार्टी के सांसद पूरे साल भर क्षेत्र में मेहनत करते है। ऐसे में उन्हें वर्ष 2019में होने वाले चुनाव के लिए अलग से कोई निर्देश की जरुरत नहीं है।
सासंदों के साथ सीएम के लंच और चर्चा के बाद बाहर निकले सांसद रमेश बैस से पूछा गया कि मीटिंग कैसी रही, तो उन्होंने कहा कि कुछ खास नहीं। लेकिन जब उनसे पूछा गया कि खाने में मिर्च कैसी थी? तो उन्होंने चुटकी भरे अंदाज में कहा, कि संसद के खाने में वैसे भी नमक-मिर्च कम ही होती है। फिर जोर का ठहाका लगाया।