दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में नए सत्र से कई कॉलेजों को नए कोर्स का तोहफा मिल सकता है। डीयू में 28 फरवरी को हुई कार्यकारी परिषद की बैठक में नए कोर्स शुरू करने का निर्णय लिया गया था। इस पर अंतिम फैसला कुलपति को लेना है।
डीयू के 15 से अधिक कॉलेजों में नए कोर्स शुरू किए जा सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि डीयू की अकादमिक मामलों की स्थायी समिति ने नए कोर्स को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा विद्वत परिषद की भी हरी झंडी मिल गई है।
डीयू के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इसकी बहुत संभावना है कि आने वाले सत्र से कॉलेजों में नए कोर्स शुरू हो जाएंगे। कॉलेज इन कोर्स के लिए अपने यहां अतिरिक्त सीटें बढ़ाएंगे। यही नहीं, आवश्यकता हुई तो फैकल्टी भी बढ़ाएंगे।
एक कॉलेज के प्रिंसिपल का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन कोर्स शुरू करने की अनुमति देने में बहुत देर कर रहा है। अनुमति मिलने के बाद विश्वविद्यालय अनुदान आयोग से इन्हें संचालित करने के लिए धन की मांग की जाएगी।
कुलपति से नए कोर्स संचालित करने की मंजूरी मिलने के बाद आत्माराम सनातन धर्म कॉलेज अपने यहां बॉटनी, जुलॉजी, हिदी पत्रकारिता और संस्कृत में ऑनर्स कोर्स शुरू कर सकता है। इस संबंध में उसने डीयू प्रशासन को प्रस्ताव भेज दिया है।
इसके अलावा नार्थ कैंपस के प्रतिष्ठित हंसराज कॉलेज ने भी पांच नए कोर्स संचालित करने की अनुमति मांगी है, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभी मंजूरी नहीं दी है।
हंसराज कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ.रमा ने कहा, हम हिदी पत्रकारिता, साइकोलॉजी, पोलिटिकल साइंस, ज्योग्राफी व फिलॉसफी का कोर्स शुरू करना चाहते हैं। इस संबंध में कुलपति को प्रस्ताव भी भेजा है, लेकिन अभी इसकी संतुति के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है।
निम्न कोर्स शुरू हो सकते हैं विभिन्न कॉलेजों में
बीएससी (ऑनर्स) मैथमेटिक्स – आर्यभट्ट कॉलेज, दिल्ली कॉलेज ऑफ ऑर्ट्स एंड कॉमर्स, गार्गी कॉलेज, रामानुजन कॉलेज, शहीद सुखदेव कॉलेज ऑफ ऐप्लॉयड साइंस, श्री गुरु नानक देव खालसा कॉलेज।
बीएससी (ऑनर्स) कंप्यूटर साइंस – आर्यभट्ट कॉलेज, रामानुजन कॉलेज, श्री गुरु नानक देव खालसा कॉलेज, श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज, शिवाजी कॉलेज, दिल्ली कॉलेज ऑफ ऑर्ट्स एंड कॉमर्स।
बीएससी (ऑनर्स) सांख्यिकी – रामानुजन कॉलेज, श्री गुरु नानक देव खालसा कॉलेज।
बीएससी (ऑनर्स) फिजिक्स -दौलतराम व भगिनी निवेदिता कॉलेज।
बीएससी (ऑनर्स) फूड एंड टेक्नॉलॉजी-इंस्टीट्यूट ऑफ होम इकोनॉमिक्स।
साइकोलॉजी (ऑनर्स)- आर्यभट्ट व भारती कॉलेज
फिलॉसफी (ऑनर्स)- रामानुजन कॉलेज
बीए (ऑनर्स) पंजाबी – श्रीगुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स।
बीए (ऑनर्स) फ्रेंच – कमला नेहरू कॉलेज
बीए (ऑनर्स) संगीत- श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज
बीए प्रोग्राम केलिए डिसिप्लिन के रूप में फिजिकल एजुकेशन -दौलतराम कॉलेज