विधानसभा चुनाव लड़ेगी सपाक्स

सामान्य पिछड़ा अल्पसंख्यक वर्ग संगठन (सपाक्स) समाज संस्था 2018 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी। संस्था पूरी तैयारी के साथ बुधनी, विदिशा सहित तमाम अनारक्षित (148) सीटों से अपने प्रत्याशी उतारेगी। इसके लिए राजनीतिक पार्टी के रूप में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रविवार को शहर में संस्था के प्रांतीय पदाधिकारियों की बैठक में यह घोषणा की गई है।
सपाक्स समाज संस्था के पदाधिकारी ‘पदोन्न्ति में आरक्षण’ मामले में राज्य सरकार की एक पक्षीय कार्रवाई से नाराज हैं और सरकार से लगातार दूसरे पक्ष की सुध लेने की गुहार लगाते रहे हैं। जब सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, तो संस्था ने ‘आम आदमी पार्टी’ की तर्ज पर प्रदेश में अनारक्षित वर्ग की राजनीतिक पार्टी बनाने का निर्णय ले लिया। सपाक्स समाज संस्था के अध्यक्ष ललित शास्त्री ने बताया कि नई पार्टी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की सीट से अपने दमदार प्रत्याशी खड़े करेगी।
12 जून को धिक्कार रैली
संस्था 12 जून को राजधानी में धिक्कार दिवस मनाएगी और रैली निकालेगी। इसमें हर जिले से एक-एक हजार लोगों को बुलाया गया है। इनमें अधिकारी-कर्मचारियों के साथ समाज का प्रतिनिधित्व करने वाले लोग भी रहेंगे। इसके साथ ही प्रदेश में रैलियों का सिलसिला शुरू होगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल 12 जून को ही टीटीनगर दशहरा मैदान में अजाक्स ने सम्मेलन किया था। इसमें अचानक पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि ‘कोई माई का लाल आरक्षण खत्म नहीं कर सकता।”
संस्था 30 अप्रैल को प्रदेशभर में न्याय दिवस मनाएगी। हर जिले में कार्यक्रम होंगे। पिछले साल इसी दिन मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने अनारक्षित वर्ग के पक्ष में फैसला सुनाया था। जबकि 12 मई को काला दिवस मनाया जाएगा। इस दिन राज्य सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर की थी। संस्था प्रदेशभर में नुक्कड़ सभाएं करेगी। नाटक की कहानी भाजपा सरकार में हुए भ्रष्टाचार और पदोन्न्ति में आरक्षण को लेकर सरकार की भूमिका के इर्द-गिर्द रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *