एयर इंडिया कर्मचारी से दुर्व्यवहार में फंसे शिवसेना सांसद रविंद्र गायकवाड़ पर से भले हीं विमानन कंपनी ने प्रतिबंध हटा लिया हो लेकिन माफ नहीं किया है। एयर इंडिया ने दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर पूछा है कि मामले को लेकर कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है। अपने पत्र में एयर इंडिया ने लिखा है कि सांसद पर कोई कार्रवाई नहीं होने से उसके कर्मचारियों का मनोबल गिर रहा है।
फिलहाल इस पत्र को लेकर विमानन कंपनी ने कोई टिप्पणी नहीं की है। बता दें कि विवाद के बाद दिल्ली पुलिस ने कर्मचारी की शिकायत पर 23 मार्च को रविंद्र गायकवाड़ के खिलाफ एइआईआर दर्ज की थी। मामला काफी गर्माने के बाद आखिर में एयर इंडिया ने सरकार के कहने पर सांसद की विमान यात्रा से प्रतिबंध हटा लिया था और तभी से यह मामला खत्म माना जा रहा था। अब एयर इंडिया के इस पत्र के बाद फिर से यह मामला ताजा हो गया है।