एमसीडी चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही कांग्रेस में जारी अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। अजय माकन ने इस्तीफा देते हुए कहा है कि वो अगले एक साल तक कोई पद नहीं लेंगे और एक साधारण कार्यकर्ता की तरह काम करते रहेंगे।
इस्तीफा देने के बाद मीडिया से बात करते हुए अजय माकन ने हार की जिम्मेदारी लेते हुए शीला दिक्षीत पर भी निशाना साधा। माकन ने कहा कि मुझ पर लगातार बयान दिए गए लेकिन मैं उनको लेकर कुछ नहीं कहूंगा। मैं हार की जिम्मेदारी लेता हूं और पद से इस्तीफा देता हूं।
उन्होंने आगे कहा कि अगले एक साल तक में कोई पद नहीं लूंगा और एक कार्यकर्ता की तरह काम करूंगा। हमने ठीक वापसी की लेकिन मुझे इससे बेहतर की उम्मीद थी। चुनाव आयोग को ईवीएम की जांच करनी चाहिए। अगर हम ईवीएम पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं तो हमें आयोग पर भरोसा करना चाहिए।