हर्षोल्लास के बीच २९वें राज्य तेलंगाना का उदय

तेलंगाना, भारत का २९वां राज्य बन गया है। तेलंगाना के लोगों का ६० साल पुराना सपना कल आधी रात को साकार हो गया। संयुक्त आंध्र प्रदेश में लागू राष्ट्रपति शासन आज आंशिक रूप से हटा लिया जाएगा ताकि नवगठित राज्य की पहली सरकार शपथ ले सके। तेलंगाना राष्ट्र समिति के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव अब से कुछ ही देर में सवा आठ बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ करीब १५ मंत्री भी पद की शपथ लेंगे। इस समारोह के लिए हैदराबाद स्थित राजभवन के प्रांगण में भव्य तैयारियां की गई हैं। इससे पहले राज्यपाल ई. एस. एल. नरसिम्हन ने तेलंगाना के राज्यपाल की शपथ ली। वे तेलंगाना और शेष आंध्र प्रदेश, दोनों के राज्यपाल होंगे। राजीव शर्मा नए राज्य के मुख्य सचिव और अनुराग शर्मा पुलिस महानिदेशक का पद संभालेंगे। शपथ ग्रहण के बाद श्री चन्द्रशेखर राव ऐतिहासिक परेड ग्राउंड से तेलंगाना के लोगों को सम्बोधित करेंगे। इसके साथ ही नवगठित राज्य में सप्ताहभर का आधिकारिक समारोह आरम्भ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *