पुलिस अधीक्षक और एक सिपाही मुठभेड़ में शहीद

असम में हमरेन के पुलिस अधीक्षक नित्यानंद गोस्वामी और एक सिपाही उग्रवादी गुट कर्बी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के साथ मुठभेड़ में शहीद हो गये। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ए पी राउत ने बताया कि उनके शव हमरेन सबडिवीजन के तहत रंगफू इलाके से मिले और उन्हें वापस लाने के प्रयास किये जा रहे हैं। श्री राउत ने बताया कि मारे गये पुलिस अधीक्षक कल शाम उग्रवादी गुट के खिलाफ पुलिस कार्रवाई में छह पुलिसकर्मियों की टीम का नेतृत्व कर रहे थे। कम से कम १५ विद्रोहियों के साथ गोलीबारी के बाद पुलिस दल बिखर गया। सुरक्षाबलों ने पुलिस दल की खोज की कार्रवाई शुरू कर दी है और पुलिस अधीक्षक श्री गोस्वामी सहित दो पुलिसकर्मियों के मारे जाने की पुष्टि कर दी है। श्री गोस्वामी पहले वायुसेना में अधिकारी थे और विशेष अभियान के दौरान असम पुलिस सेवा के लिए चुने गये थे। इस बीच, असम के गृह आयुक्त जी डी त्रिपाठी ने कहा है कि मुठभेड़ में षामिल उग्रवादियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। श्री त्रिपाठी ने कहा कि हमरेन और आसपास के इलाकों में सेना तैनात कर दी गई है और विद्रोही गतिविधियों की रोकथाम के लिए तुरन्त अतिरिक्त बल भेजे जा रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारी स्थिति का जायजा लेने के लिए वहां जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *