महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने आज वर्सोवा-अंधेरी- घाटकोपर मार्ग पर मुम्बई मेट्रो रेल सेवा के पहले चरण का उद्घाटन किया। मेट्रो प्राधिकरण ने पहले महीने के लिए एक ही किराया- दस रूपये निर्धारित किया है। इस मार्ग पर १२ स्टेशन हैं। मुंबई मेट्रो, वर्सोवा और घाटकोपर के बीच की दूरी २१ मिनट में तय करेगी। मेट्रो सेवा सुबह साढ़े पांच बजे शुरू होगी और मध्यरात्रि तक चलेगी। भीड़भाड़ वाले समय में चार मिनट और अन्य समय आठ मिनट के अंतराल पर यह सेवा उपलब्ध रहेगी। इस मेट्रो रेल लाइन से मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी उपनगर जुड़ जाएंगे। उद्घाटन अवसर पर उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, रिलायन्स समूह के अनिल अम्बानी और अन्य गण्यमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।