उत्तर प्रदेश में, भारतीय जनता पार्टी के नेता और दादरी नगर पंचायत अध्यक्ष गीता पंडित के पति विजय पंडित की हत्या के सिलसिले में चार लोगों को पूछताछ के लिए गौतम बुद्ध नगर जिले में ग्रेटर नोएडा में हिरासत में लिया गया है। इस बीच, जिले में निषेधाज्ञा जारी है। कल रात चार बंदूकधारियों ने विजय पंडित की गोली मारकर हत्या कर दी जिसके बाद उनके समर्थकों ने दादरी थाने के पास १६ गाड़ियों में आग लगा दी और थाने पर पत्थरबाजी की । भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार जैसी कोई चीज नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है और राज्य सरकार मामले को बहुत हल्के तरीके से ले रही है। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने इस हत्या की निन्दा करते हुए कहा कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में कानून व्यवस्था बनाये रखने में नाकाम रही है। इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रधान गृह सचिव दीपक सिंघल को इस मामले में सख्त कार्रवाई करने और दोषियों को पकड़ने में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।