दिल्ली विश्वविद्यालय ने चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम समाप्त

दिल्ली विश्वविद्यालय ने अपना चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम औपचारिक रूप से समाप्त कर दिया है। विश्वविद्यालय की विद्वत्‌ तथा कार्यकारी परिषदों ने आज सवेरे तीन वर्षीय स्नातक कार्यक्रम लागू करने संबंधी प्रस्ताव पारित कर दिया।

इससे पहले कुलपति दिनेश सिंह ने कल चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम समाप्त करने की घोषणा की थी। विद्वत्‌ परिषद के नब्बे सदस्यों में से आठ ने प्रस्ताव का विरोध किया। उनका कहना था कि विश्वविद्यालय ने इस विषय पर चर्चा नहीं करायी। स्नातक कार्यक्रम में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों को अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है, क्योंकि प्रधानाचार्यों के नवगठित पैनल से प्रवेश के तौर-तरीके तय करने को कहा गया है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के बढ़ते दबाव के बीच दिल्ली विश्वविद्यालय ने कल चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम समाप्त करने का फैसला किया था। कुलपति ने इस आशय का बयान जारी करते हुए विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न कालेजों के प्रधानाचार्यों से कहा है कि वे तीन वर्षीय कार्यक्रम के नए सत्र के लिए प्रवेश शुरू करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *