भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नेता जसवंत सिंह की हालत बेहद नाजुक है और वे कोमा में हैं। उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। रक्षा मंत्रालय से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि चिकित्सकों का एक दल उनके स्वास्थ्य पर कड़ी निगरानी रख रहा है।
वे नई दिल्ली के सेना अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं। अपने आवास पर गिर जाने के कारण उनके सिर में चोट आई है। 76 वर्षीय श्री सिंह कल रात 11 बजे अपने आवास पर गिरने के बाद अचेत हो गए और उनका आपरेशन कराया गया। भारतीय जनता पार्टी के नेता लालकृष्ण आडवाणी आज सुबह उन्हें अस्पताल देखने गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्री जसवंत सिंह के परिवार से बातचीत करके उनके शीघ्र स्वस्थ्ा होने की कामना की। गृहमंत्री राजनाथ सिहं ने भी जसवंत सिंह के बेटे मानवेन्द्र से बात करके उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछताछ की। श्री जसवंत सिंह एनडीए सरकार के दौरान वित्त, रक्षा और विदेश मंत्री रहे। उन्हें इस वर्ष भारतीय जनता पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था क्योंकि उन्होंने राजस्थान से बाड़मेर से लोकसभा चुनाव निर्दलीय के रूप में लड़ने का फैसला किया था। पार्टी ने किसी और उम्मीदवार को खड़ा किया था और बाद में वे चुनाव हार गए।