जम्मू क्षेत्र में संवेदनशील पल्लनवाला सेक्टर में भारत-पाकिस्तान सीमा से लगी अग्रिम चौकी के निकट 50 मीटर लंबी सुरंग का पता चला है। हो सकता है कि इसका इस्तेमाल भारत में आतंकियों की घुसपैठ कराने के लिए किया गया हो।
एक बयान में सेना के प्रवक्ता ने बताया कि पल्लनवाला सेक्टर में दैनिक गश्त के दौरान सेना के जवानों को नियंत्रण रेखा पर भारतीय इलाके में चकला चौकी के निकट लगभग 50 मीटर लंबी सुरंग दिखाई दी जो पाकिस्तान के कब्ज़े वाले कश्मीर को जा रही है। सुरंग लगभग ढाई फुट चौड़ी और साढ़े तीन फुट ऊंची है। यह सुरंग अभी अधूरी लगती है क्योंकि भारतीय इलाके में यह नहीं खुलती। प्रवक्ता ने बताया कि सैन्य टुकड़ियां और ब्यौरा इकट्ठा करने के लिए इलाके की बारीकी से छानबीन कर रही हैं। बारूदी सुरंगों के कारण इसमें समय लग रहा है। यह सुरंग ऐसे इलाके में है जहां इस वर्ष 22 जुलाई को आतंकवादियों ने घुसपैठ की कोशिश की थी जिसमें एक जवान शहीद हो गया था और एक आतंकवादी को ढेर कर दिया गया था। सेना भारत में पाकिस्तानी सेना की मदद से आतंकवादियों की घुसपैठ रोकने के लिए अपना तंत्र मजबूत कर रही है। 15वीं और 16वीं कोर के कमांडरों सहित वरिष्ठ अधिकारी सैनिकों की तैयारी की लगातार समीक्षा कर रहे हैं।