असम के 11 जिलो के एक हज़ार 66 गांव बाढ़ की चपेट में है। राज्य में बाढ़ से करीब 3 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। गुवाहाटी में आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सबसे ज्यादा प्रभावित धेमाजी जिले के 3 सौ 85 गांव पानी से घिरे हुए हैं।
पिछले 24 घंटों में बढ़ते पानी से 37 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में खड़ी फसल भी प्रभावित हुई है। राज्य की ब्रह्मपुत्र और इसकी सहयोगी नदियों में पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। प्रशासन ने 95 राहत शिविर लगाए हैं, जहां करीब 95 हज़ार लोगों को आश्रय मिला हुआ है। राहत और बचाव कार्यों के लिए नौकाओं और ट्रकों का सहारा लिया जा रहा है। काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में पशुओं का शिकार रोकने वाले 42 शिविरों में भी पानी भर गया है। असम की बराकघाटी के दिघिरपुर गांव में कल रात बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। मृतक एक ही परिवार के हैं। मृतकों की पहचान सैदुल आलम आज़ाद, शायना बेगम, रशीद अहमद और सहाना बेगम के रूप में हुई है।