जम्मू कश्मीर में रणजीत सिंह पुरा सेक्टर के अर्निया इलाके में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास कल लगभग आधी रात पाकिस्तानी सेना ने गोलियां चलाई और गोले दागे। इनमें चार लोग मारे गए और 30 घायल हो गए।
पाकिस्तानी सेना ने भारत की अग्रिम चौकियों और कुछ नागरिक इलाकों को निशाना बनाया। सीमा सुरक्षा बल ने समुचित जवाबी कार्रवाई की। घायलों को जम्मू के जीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। ऐसा पहली बार हुआ है कि जब पाकिस्तानी बलों ने घनी आबादी वाले सीमावर्ती कस्बे अर्निया को निशाना बनाया है। अंतिम सूचना मिलने तक रूक-रूक कर गोलीबारी का सिलसिला जारी था। लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया जा रहा है। इसी दौरान सुबह पाकिस्तान की ओर से रामगढ़ सेक्टर में भी गोलीबारी की गई है जिसका बीएसएफ ने जवाब दिया है। गोलीबारी लगभग डेढ़ घंटे तक जारी रही।