केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह कल हुए नक्सली हमले के बाद हालात का जायजा लेने आज छत्तीसगढ जाएंगे। इस बीच, सीआरपीएफ के एक घायल जवान की मौत के साथ ही इस हमले में मृतकों की संख्या 14 हो गई है।
नक्सलियों ने कल शाम छत्तीसगढ के बस्तर डिवीजन में सुकमा जिले के चिंतागुफा क्षेत्र में सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम पर हमला किया। मृतकों में सीआरपीएफ के दो अधिकारी, एक उप कमांडर और एक सहायक कमांडर शामिल हैं। सुरक्षाबल क्षेत्र में गश्त और करीब 15 दिन चले ऑपरेशन के बाद वापस लौट रहे थे। हमले में 15 जवान घायल हो गए। तीन घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। नक्सलियों की धड़पकड़ के लिए क्षेत्र में और सुरक्षाबल भेजे जा रहे हैं। कल सुकमा जिले में हुए हमले के बाद माओवादियों पर दवाब बढ़ाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। हमले में शामिल माओवादियों की तलाश के लिए इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डाक्टर रमन सिंह अपना दिल्ली दौरा बीच में छोड़कर कल रात रायपुर लौट आये हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से फोन पर बात कर उन्हें घटना की विस्तार से जानकारी दी। रायपुर पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने कल देर रात गृह विभाग, पुलिस, सीआरपीएफ और खुफिया विभाग के आलाअधिकारियों की आपातकालीन बैठक लेकर स्थिति की समीक्षा की।