जम्मू-कश्मीर और झारखंड विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत आज कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हो रहा है। इस चरण में जम्मू-कश्मीर में विधानसभा की 18 और झारखंड में 15 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर में सुबह आठ बजे शुरू हुआ मतदान शाम चार बजे तक चलेगा। चौथे चरण में श्रीनगर, अनंतनाग और शोपियां जिलों के सोलह विधानसभा क्षेत्रो में मतदान के साथ ही कश्मीर घाटी में सभी विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव संपन्न हो जाएंगे। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, पीडीपी नेता मुफ्ती मोहम्मद सईद, विधानसभा अध्यक्ष मुबारक गुल और कई अन्य मंत्रियों सहित 182 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज ईवीएम में बंद हो जाएगा। सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गए हैं। झारखंड में बोकारो, धनबाद, गिरीडीह और देवघर जिलों के पंद्रह विधानसभा क्षेत्रों में सोलह महिलाओं सहित दो सौ सत्रह उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान सवेरे सात बजे शुरू हुआ और शाम तीन बजे तक चलेगा, जबकि धनबाद और बोकारो विधानसभा क्षेत्रों में शाम पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे। 335 मतदान केंद्रों से मतदान प्रक्रिया का लाइव वेबकास्ट किया जा रहा है।