उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्य शहरी विकास मंत्री आजम खान पर फेसबुक पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले ग्यारहवीं कक्षा के छात्र को रामपुर पुलिस ने बरेली से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की अपराध नियंत्रण शाखा की टीम ने छात्र को सोमवार को उसके आवास से गिरफ्तार किया। रामपुर की एक अदालत ने उसे चौदह दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
युवक के ऊपर आई पी एक्ट की धारा 66 ए और समाज में वैमनस्य फैलाने सहित कई आरोपों के लिए आईपीसी की कई धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपित युवक की उम्र 23 साल है जबकि उसके घर वालों का कहना है कि वो मात्र 17-18 साल का है। मंत्री आजम खान ने ये कहते हुए पुलिस कार्रवाई का समर्थन किया है कि उनका चरित्र हनन करने और समाजिक में वैमनस्य फैलाने की एक साजिश चल रही है जिसे रोका जाना बहुत जरूरी है।