संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक समिति ने भारत को आश्वासन दिया है कि वह 2008 के मुम्बई हमले के सरगना जकी-उर-रहमान लखवी की रिहाई का मुद्दा समिति की अगली बैठक में उठायेगा। भारत ने संयुक्त राष्ट्र के प्रावधानों का उल्लंघन कर पाकिस्तान जेल से लखवी को रिहा करने पर चिन्ता व्यक्त की थी। संयुक्त राष्ट्र में भारत के राजदूत अशोक मुखर्जी ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अलकायदा प्रतिबंध समिति के प्रमुख जिम मैकाले को पत्र लिखकर इस बारे में चिन्ता व्यक्त की थी। समाचार एजेन्सी पी टी आई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि श्री मैकले ने इस पत्र के जवाब में भारत को यह आश्वासन दिया है। समिति ने 2008 में लखवी को लश्करे तैयबा और अलकायदा से जुड़े आतंकवादियों की सूची में डाल दिया था। भारत ने भी कहा था कि आतंकवादियों की सूची में शामिल लखवी की सारी सम्पत्ति और वित्तीय संसाधनों पर रोक लगा दी गई है।