आन्‍ध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओड़ीशा, राजस्‍थान और उत्‍तरप्रदेश में पिछले तीन दिनों से प्रचंड गर्मी पड़ रही है।

देश के विभिन्‍न भागों- विशेष रूप से आन्‍ध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओड़ीशा, राजस्‍थान और उत्‍तरप्रदेश में पिछले तीन दिनों से प्रचंड गर्मी पड़ रही है। आन्‍ध्र प्रदेश में पिछले तीन दिन से पड़ रही भीषण गर्मी से एक सौ से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि आन्‍ध्र प्रदेश और तेलंगाना दोनों ही राज्‍य भीषण गर्मी की चपेट में हैं।

विजयवाड़ा में चौबीस घंटे के अंदर तीन डिग्री तापमान बढ़कर 47 दशमलव 2 डिग्री सेल्‍सियस दर्ज किया गया। राज्‍य में चिकित्‍सा दलों को आपातस्‍थिति के लिए तैयार रहने को कहा गया है। लू से प्रभावित लोगों के इलाज के लिए जिला प्रशासन ने प्राथमिक, मंडल और जिला स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्रों पर व्‍यापक इंतजाम किए है। जिलाधीश कार्यालय में नियंत्रण कक्ष खोला गया है, जबकि चिकित्‍सा और स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी क्षेत्र में गर्मी से बचाव के उपायों पर ध्‍यान दे रहे हैं। विजयवाडा से हेनरी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं आनंद प्रकाश सोनी।

राजस्‍थान में श्रीगंगानगर में पारा 46 दशमलव दो डिग्री तक पहुंच गया है।

उत्‍तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ में इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया जहां पारा 44 डिग्री सैलसियस के आसपास रहा।

दिल्‍ली में भी लोगों को भीषण गर्मी से राहत नहीं मिली है। मौसम विभाग के अनुसार कल इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। पारा 43 दशमलव 6 डिग्री सैलसियस पहुंच गया जो सामान्‍य से चार डिग्री अधिक था।

ओड़ीशा में कई शहरों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सैलसियस से अधिक रहा। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि राज्‍य सरकार को कथित रूप से लू से 23 लोगों की मौत होने की रिपोर्ट मिली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *