तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे० जयललिता ने आज चेन्नई में पहले चरण की मेट्रो रेल सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारम्भ किया। अलांदूर और कोयमबेदू के बीच दस किलोमीटर की मेट्रो रेल सेवा की उन्होंने सचिवालय से वीडियो क्रान्फ्रेंस के ज़रिये शुरूआत की।
आठ साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार आज मेट्रो के पहले चरण में दस किलामीटर लंबी लाइन पर यातायात शुरू हुआ। इसमें सात स्टेशन बने हैं। इस लाइन के शुरू होने के बाद लोगों को आरामदेह सफर तो मिलेगा ही लगभग 45 मिनट के समय की भी बचत होगी। साढ़े 14 हजार करोड़ रूपये की इस योजना में 45 किलोमीटर लंबी रेल लाइन पर 32 स्टेशन बनाने का लक्ष्य है। जापान की अंतर्राष्ट्रीय एजेंसी ने लागत का तकरीबन साठ फीसदी हिस्सा दिया है। बाकी केंद्र और राज्य सरकार ने लगाया है। अन्य चरणों में भी रेल लाइन का काम बहुत तेजी से चल रहा है। उम्मीद है कि काम पूरा होने के बाद शहर के यातायात में एक बड़ा परिवर्तन होगा।