राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने भारत – म्यामां सीमा पर मणिपुर में इस महीने की चार तारीख को उग्रवादियों द्वारा 18 सैन्य कर्मियों की हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैण्ड (खापलांग गुट) के एक बड़े नेता को गिरफ्तार किया है। इस संगठन के क्षेत्रीय कमांडर खुमलो अबी अनल को मणिपुर में चंदेल जिले से गिरफ्तार किया गया है।
सेना के जवानों पर हुए हमले की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने पहली गिरफ्तारी की है। जांच में यह खुलासा हुआ है कि आरोपी इस हत्याकांड में पूरी तरह से शामिल था। हमले के तुरंत बाद आरोपी ने उग्रवादियों से मुलाकात भी की थी। एनआईए के अनुसार आरोपी हमला करने से पहले भी उग्रवादियों के सम्पर्क में था। इस महीने की 6 तारीख को केन्द्र सरकार ने घटना की जांच एनआईए को सौंपी थी। उग्रवादियों ने रॉकेट, हथगोले और स्वचालित हथियारों से सेना की टुकड़ी पर घात लगाकर हमला किया था, जिसमें 18 सैन्यकर्मी शहीद हो गये थे।