पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी ने मनी लांड्रिग के आरोपों से इंकार किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रवर्तन निदेशालय के पास इस सम्बन्ध में कोई सबूत नहीं हैं और उसे सबूत देने की चुनौती दी है। एक निजी चैनल के साथ साक्षात्कार में ललित मोदी ने कहा कि उसने प्रवर्तन निदेशालय को सभी कागजात सौंप दिये थे, जिनसे बीसीसीआई के खिलाफ मामला बनता है। उन्होंने कहा कि उन्हें भगौड़ा कैसे कहा जा सकता है क्योंकि उनके खिलाफ भारत की किसी अदालत में मामला नहीं है। ललित मोदी ने यह भी दावा किया कि वे राजनेताओं और मीडिया के शिकार हो रहे हैं।
यह पूछे जाने पर कि आरोपों का सामना करने के लिए वे भारत क्यों नहीं लौट रहे हैं, ललित मोदी ने कहा कि वे सुरक्षा कारणों से ब्रिटेन में रह रहे हैं। उन्होंने, कांग्रेस नेता शशी थरूर के खिलाफ बयान देने के बाद, उनकी सुरक्षा हटाने के लिए पूर्व केन्द्रीय मंत्री पी चिदम्बरम को भी निशाना बनाया।
ललित मोदी ने सरकार से आईपीएल में स्पॉट फिक्सिंग पर न्यायाधीश मुदगल समिति की रिपोर्ट में शामिल लोगों के नाम सार्वजनिक करने को भी कहा। उन्होंने आई सी सी के मौजूदा चैयरमैन एन श्रीनिवासन पर चेन्नई सुपरकिंग्स के तीन खिलाडि़यों को बचाने का आरोप लगाया है। ललित मोदी का आरोप है कि इन खिलाडि़यों को बड़े उद्योगपति ने रिश्वत दी थी।