प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की 119वीं जयंती के अवसर पर उनसे जुड़ी एक सौ फाइलें सार्वजनिक की। नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए श्री मोदी ने भारत के राष्ट्रीय अभिलेखागार में फाइलों की डिजिटल प्रतियां जारी की। राष्ट्रीय अभिलेखागार इन फाइलों को डिजिटल रूप देने के बाद इसे लोगों के सामने रख रहा है। इस अवसर पर संस्कृति मंत्री महेश शर्मा भी मौजूद थे। श्री मोदी ने नेताजी के परिजनों से भी मुलाकात की।
लंबे समय से नेताजी से जुडी़ फाइलों को सार्वजनिक किए जाने की मांग की जा रही थी। इससे नेताजी के बारे में शोध कर रहे विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री ने 14 अक्तूबर को अपने आवास में नेताजी के परिजनों से मुलाकात के दौरान नेताजी से जुड़ी फाइलें सार्वजनिक करने की घोषणा की थी। प्रधानमंत्री कार्यालय ने इनमें से 33 फाइलें चार दिसंबर को राष्ट्रीय अभिलेखागार को सौंप दी थी। राष्ट्रीय अभिलेखागार की नेताजी से जुड़ी 25 डिजिटल प्रतियों को हर महीने जारी करने की योजना है।