प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में कल रेलवे की तीन प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने हाजीपुर में आयोजित समारोह में नव-निर्मित दीघा-सोनपुर रेल-सड़क पुल के रेलवे के भाग को राष्ट्र को समर्पित किया। प्रधानमंत्री ने मुंगेर में नव-निर्मित रेल-सड़क पुल पर से माल गाड़ियों के प्रचालन की शुरुआत की नामपट्टिका का अनावरण किया। इसके अलावा उन्होंने मोकामा में एक अतिरिक्त पुल की आधारशिला रखी।
हाजीपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत के टिकाऊ विकास के लिए आवश्यक है कि पूर्वी राज्यों का भी विकास हो।
चाहे पूर्वी उत्तर प्रदेश हो चाहे बिहार हो चाहे पश्चिम बंगाल हो आसाम हो नार्थ ईस्ट हो उड़ीसा हो ये सारे क्षेत्र जितने तेजी से डेवलेप होंगे हिन्दुस्तान उतनी ही तेजी से आगे बढ़ने वाला है। अब भारत की विकास का नर्व सेंटर है वो नर्व सेंटर ईस्टर्न इंडिया में है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बुनियादी ढांचा, विशेषतौर पर सड़कें और रेलवे प्रगति को गति देता है। उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे न केवल परिवहन का माध्यम है, बल्कि इससे देश की अर्थव्यवस्था की गति बढ़ाने में मदद मिलती है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि एनडीए सरकार में पिछले 18 महीने के दौरान पिछली यूपीए सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल के मुकाबले ढाई गुना से ज्यादा विकास कार्य किए गए हैं।
इससे पहले, पटना उच्च न्यायालय के शताब्दी समारोह के समापन सत्र को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि डिजिटल प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल से तेज़ी से फैसले लिए जाएंगे।