जम्मू-कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी विधायक दल ने डॉक्टर निर्मल सिंह को अपना नेता चुना है। आज जम्मू में विधायक दल की बैठक में डॉक्टर सिंह को उप मुख्यमंत्री पद के लिए भी नामित किया गया। डॉक्टर निर्मल सिंह पिछली पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार में भी उप मुख्यमंत्री थे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव तथा भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री डॉक्टर जितेन्द्र सिंह भी इस बैठक में मौजूद थे।
श्रीनगर में कल पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी-पीडीपी के विधानमंडल दल की बैठक हुई थी जिसमें महबूबा मुफ्ती को नेता चुना गया था और उन्हें नई सरकार में मुख्यमंत्री पद के लिए भी नामित किया था।
जम्मू-कश्मीर में नई सरकार के गठन के लिए शपथग्रहण के लिए औपचारिक रूप से अभी तक तारीख तय नहीं की जा सकी है। ऐसा लग रहा है कि पीडीपी और भाजपा के विभिन्न मुद्दों पर औपचारिक वार्ता अभी तक पूरी नहीं हो गई है। राजभवन जम्मू के एक प्रवक्ता ने आकाशवाणी को बताया कि पीडीपी और भाजपा ने अधिक समय देने के लिए राज्यपाल से आज अनुरोध किया। प्रवक्ता ने कहा कि दोनों पार्टियां वार्ता में लगे हैं और दोनों सहयोगी दल राज्यपाल के साथ बैठकों के लिए नये सिरे से अनुरोध करेंगे। राज्यपाल ने आज दोनों दलों के प्रमुखों को अलग-अलग बैठक के लिए बुलाया था। दोनों पार्टियों को राज्यपाल के सामने पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती के पक्ष में समर्थन पत्र प्रस्तुत करना औपचारिक और आवश्यक है।
इस बीच, जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाने के मुद्दे पर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी-पीडीपी और भाजपा गठबंधन में से किसी भी दल ने अभी राज्यपाल से मुलाकात नहीं की है। पीडीपी और भाजपा नेतृत्व के जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात करने की संभावना है।