राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने 56 प्रमुख हस्तियों को पद्म पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया।

राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने आज राष्‍ट्रपति भवन में एक अलंकरण समारोह में 56 प्रमुख हस्तियों को पद्म पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया। श्री मुखर्जी ने पांच पद्म विभूषण, आठ पद्म भूषण और 43 पद्मश्री पुरस्‍कार प्रदान किये।

जम्‍मू कश्‍मीर के पूर्व राज्‍यपाल जगमोहन, आर्ट ऑफ लिविंग के संस्‍थापक श्री श्रीरविशंकर, भारतीय अमरीकी अर्थशास्‍त्री अविनाश कमलाकर दीक्षित और प्रख्‍यात नृत्‍यांगना यामिनी कृष्‍णमूर्ति को पद्म विभूषण से सम्‍मानित किया गया। रिलायंस इण्‍डस्‍ट्रीज के संस्‍थापक धीरूभाई हीराचंद अंबानी को मरणोपरान्‍त पद्म विभूषण प्रदान किया गया।     अभिनेता अनुपम खेर, बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल, पूर्व नियंत्रक और महालेखा परीक्षक जनरल विनोद राय, उद्योगपति पलोन जी मिस्‍त्री, वास्‍तुकार हाफिज कान्‍ट्रेक्‍टर, वरिष्‍ठ पत्रकार डॉ0 बरजिन्‍दर सिंह हमदर्द, रसायन शास्‍त्री अल्‍ला वेंकट रामाराव और उदर रोगों के विशेषज्ञ डी नागेश्‍वर रेड्डी को पद्म भूषण सम्‍मान दिये गये। अभिनेता अजय देवगन, फिल्‍म निर्माता मधुर भंडारकर, एथलीट दीपिका कुमारी, शैफ मोहम्‍मद इम्तियाज कुरैशी, लोक कवि हल्‍दर नाग और शास्‍त्रीय संगीतकार पंडित तुलसीदास गोरकर को पद्मश्री‍ प्रदान किया गया।  उपराष्‍ट्रपति मोहम्‍मद हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ0 मनमोहनसिंह, गृहमंत्री राजनाथ सिंह और अनेक केन्‍द्रीय मंत्री उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *