उत्तराखंड में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा सहित कांग्रेस के नौ बागी विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये हैं। इन विधायकों को राज्य विधानसभा ने दल-बदल निरोधक कानून के तहत अयोग्य घोषित कर दिया था। सभी विधायक कल नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में पार्टी में शामिल हुए। इस अवसर पर श्याम जाजू और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी भी मौजूद थे। श्री कोश्यारी ने बताया कि इन विधायकों के भाजपा में शामिल होने से प्रदेश के पार्टी मजबूत होगी।
विजय बहुगुणा जी, हरक सिंह जी अनेक लोग वहां घुटन महसूस कर रहे थे और उन्होंने कहा कि हम भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति से सहमत हैं और हम भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन करना चाहते हैं। स्वाभाविक है कि आज भी जब हमा्रे साथ कुछ लोग आ रहे हैं निश्चित रूप से प्रभावशाली लोग हैं अपने-अपने क्षेत्र में वो लोकप्रिय लोग हैं। उसके कारण से पार्टी का कद बढे़गा।
श्री बहुगुणा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक करिश्माई नेता हैं और सुशासन तथा विकास के लिये प्रतिबद्ध हैं।
श्री बहुगुणा के अलावा हरक सिंह रावत, अमृता रावत, शैलेंद्र मोहन, कुंवर प्रणव सिंह, सुबोध उनियाल, प्रदीप बत्रा, शैलारानी रावत और उमेश शर्मा भाजपा में शामिल हो गए। इन विधायकों ने राज्य के वार्षिक बजट पर मतों के विभाजन की मांग की थी जिसको विधानसभा अध्यक्ष ने अस्वीकार कर दिया था। इस घटना के बाद केंद्र ने संवैधानिक संकट का हवाला देते हुए राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया था। मामला उत्तराखंड उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय में पहुंचा। अंत में सर्वोच्च न्यायालय की देखरेख में राज्य विधानसभा में बहुमत परीक्षण किया गया। बसपा, यूकेडी और निर्दलीय विधायकों की मदद से कांग्रेस ने बहुमत हासिल कर लिया।