उत्‍तर भारत में बहुत अधिक नमी के साथ गर्मी का कहर जारी है।

उत्‍तर भारत में बहुत अधिक नमी के साथ गर्मी का कहर जारी है। उत्‍तर प्रदेश और राजस्‍थान के अलावा कई अन्‍य राज्‍यों में गर्मी और उमस बढ़ रही है।

उत्‍तर प्रदेश में, आज लगातार पांचवें दिन अधिकतर हिस्‍सों में मौसम उमस भरा है। वहां का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के ऊपर है। नम पूर्वा हवा के कारण नमी बहुत अधिक है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि तेज गर्मी और भीषण उमस से आगामी बुधवार से पहले राहत मिलने की कोई उम्‍मीद नहीं है। इस बीच, कानपुर, मेरठ, वाराणसी और इलाहाबाद सहित अन्‍य स्‍थानों पर कल बिजली की बार-बार आवाजाही से लोगों को उमस के चलते भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। राजधानी लखनऊ में जहां सामान्‍यतया बिजली की कटौती नहीं होती वहां भी लोगों को उमस और बिजली की आंखमिचौली से काफी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं आज अमरोहा में आई धूल भरी आंधी ने लोगों को उमस से थोड़ी राहत दी है। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार राज्‍य में मानसून एक हफ्ते की देरी से लगभग 30 जून के आसपास पहुंचेगा।

राज्‍य के अन्‍य हिस्‍सों में भी गर्मी और नमी है। बहराइच और पीलीभीत सहित कुछ स्‍थानों से मध्‍यम और गरज के साथ छींटें पड़ने की खबरें मिली है।

समूचा राजस्‍थान भी लू की चपेट में है। आज ग्‍यारह बजे के बाद चुरू और श्रीगंगानगर जिलों में 44 दशमलव चार डिग्री, बीकानेर में 43 दशमलव छह डिग्री, बाड़मेर में 42 डिग्री तथा उदयपुर में 41 दशमलव आठ डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया। लू के कारण राज्‍य के पश्चिमी भागों में सामान्‍य जनजीवन अस्त-व्यस्त है। लगातार लू के कारण राज्‍य के कई जिलों में पीने की पानी की कमी हो रही है।

मौसम विभाग ने राजस्‍थान के कुछ इलाकों में तेज़ लू की चेतावनी जारी की है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दक्षिण उत्‍तर प्रदेश, मध्‍य प्रदेश और गुजरात में भी लू चलने की संभावना व्‍यक्‍त की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *