गाजियाबाद के मुकेश मित्तल नामक एक शख्स ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को 100 रुपए का ड्राफ्ट भेजा है ताकि वह अपने कुर्ते की फटी जेब सिलवा सकें। मालूम हो, राहुल ने सोमवार को ऋषिकेश में एक रैली के दौरान अपना फटा कुर्ता दिखाया था।
मुकेश ने ड्राफ्ट के साथ पत्र भी लिखा है। मुकेश ने पत्र में जिक्र किया है कि आप फटा कुर्ता दिखाकर इस देश की छवि को खराब मत कीजिए। 16 जनवरी को रैली के दौरान देश के इतने बड़े नेता ने जिस तरह अपना फटा कुर्ता दिखाया, यह उनकी सादगी को दर्शाता है, लेकिन इसके साथ ही गर्व के साथ काफी दुख हुआ है। आशा है कि राहुल इस छोटी सी भेंट को जरूर स्वीकार करेंगे और अपने कुर्ते की सिलाई कराएंगे।