उत्तर प्रदेश के एटा में गुरुवार सुबह हुए एक भीषण हादसे में अब तक 25 बच्चों की मौत की खबर है वहीं कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। पीएम मोदी ने इस हादसे पर दुख जाताते हुए कहा कि एटा हादसे की खबर सुनकर दुख में हूं। हादसे में मृतकों के परिजनों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं साथ ही घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।
जानकारी के अनुसार एटा के अलीगंज इलाके में यह हादसा हुआ जब श्हार के एक जेएस विद्या पब्लिक स्कूल स्कूल की बस एलकेजी से 7वीं कक्षा तक के बच्चों को लेकर जा रही थी। तभी सामने से आ रहे बालू से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने इसे टक्कर मार दी। इस बस में 50-55 बच्चे सवार थे।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि इसमें 25 बच्चों की मौत की पुष्टि हो गई है वहीं कई 25 से ज्यादा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सभी बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया है। आशंका जताई जा रही है कि दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज करने के साथ ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
अलीगढ़ के एसडीएम मोहन सिंह के अनुसार हादसा कोहरे की वजह से हुआ है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। अब तक 25 बच्चों की इस हादसे में मौत हुई है वहीं अन्य घायल बच्चों को पास के अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
खबर है कि प्रशासन ने आज के दिन स्कूल बंद करने के आदेश दिए थे इसके बावजूद स्कूल खुला था और यह दुर्घटना हो गई।
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर दलजीत सिंह के अनुसार हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। अगर स्कूल आदेश के बावजूद खुला था तो इसकी भी जांच होगी। दुर्घटना में 25 बच्चों की मौत हुई है।