देश के 125 शहरों में 8 करोड़ से भी ज्यादा एलईडी बल्ब वितरित

भारत सरकार की उजाला योजना के तहत देश के 125 शहरों में एक साल के अंदर 8 करोड़ से भी ज्यादा एलईडी बल्ब वितरित किए हैं, लेकिन आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि गुजरात की एक विधायक ने मात्र चार महीने में 6 लाख एलईडी बल्ब लोगों में बांट दिए।
सूरत के लिम्बायत विधानसभा सीट से विधायक संगीता पाटिल ने मात्र चार महीने में मोदी सरकार की उजाला योजना के तहत 6 लाख एलईडी बल्ब व लाइट का वितरण कर रिकॉर्ड बना दिया है। माना जा रहा है कि गुजरात में यह पहली ऐसी विधायक हैं जिन्होंने इतने कम समय में लाखों की संख्या में एलईडी बल्ब का वितरण किया है। सिर्फ इतना ही नहीं सरकार की योजना में शामिल ट्यूबलाइट और पंखे का वितरण भी वे कर रही हैं। इनके चुनावी क्षेत्र में लोग इन्हें बल्ब वाली विधायक के नाम से ज्यादा पहचानते हैं।
उल्लेखनीय है कि संगीता पाटिल को देश में सबसे लोकप्रिय युवा विधायक का पुरस्कार भी मिल चुका है। विधायक संगीता पाटिल का कहना है कि हमारा उद्देश्य है कि मोदी सरकार की उजाला योजना से लोगों को लाभ दिलाया जाए इसलिए हम अपने क्षेत्र में रोजाना 4 से 5 जगहों पर कैम्प लगाकर एलईडी बल्ब का वितरण करते रहे जो अभी भी जारी है। लोग भी इसके लिए अधिक जागरूक नजर आए। पहले कोई योजना आती थी तो लोगों को इसकी जानकारी नहीं होती थी, लेकिन अब इस तरह के महत्वपूर्ण योजना लोगों तक पहुंचा रहे हैं।
लोगों के घर उजाला रहे और वह भी सस्ते बिजली दरों में इसलिए भारत सरकार ने उजाला योजना की शुरुआत की। इसे क्रांतिकारी योजना बनाने के लिए भाजपा के हर एक कार्यकर्ता ने गुजरात में एड़ी-चोटी का जोर लगा रखा है। गुजरात में उजाला योजना के माध्यम से भाजपा ऐसे विधानसभा क्षेत्रों में लोगों के बीच अपनी चुनावी पृष्ठभूमि तैयार कर रही है, जहां वह अब तक वोटरों के बीच जगह नहीं बना पाई थी। माना जा रहा है कि जिस तरह उत्तरप्रदेश में उज्ज्वला योजना ने महिलाओं के मन में भाजपा के लिए जगह बनाई वैसे ही गुजरात में उजाला योजना कारगर साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *