ख्वाजा गरीब नवाज के 805वें उर्स में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से चादर पेश की गई। अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मजार शरीफ पर चादर पेश कर अमन चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
इस बीच पाकिस्तान से 402 जायरीनों का जत्था भी अजमेर पहुंच गया और इनकी ओर से शनिवार शाम चादर पेश की गई। पाक जायरीन अपने साथ विशाल पगड़ी भी लाए हैं। यह 25 किलो की पगड़ी रावलपिंडी से लाई गई है। शनिवार सुबह नकवी जयपुर पहुंचे और यहां से सड़क मार्ग से अजमेर पहुंचे।
उनके साथ प्रदेश हज कमेटी के अध्यक्ष अमीन पठान, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष अबू नकवी और स्थानीय भाजपा नेताअ दरगाह शरीफ पहुंचे। यहां अंजुमन कमेटी की ओर से उन्हें जन्नती दरवाजे के जरिए मजार शरीफ तक ले जाया गया, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चादर पेश की और जियारत की।
इस दौरान अंजुमन की और से उनकी दस्तारबंदी की गई। इसके बाद बुलंद दरवाजे पर केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी का संदेश पढ़कर सुनाया। अजमेर पहुंचते ही ख्वाजा की सरजमीं को चूमा पाक जायरीनों ने ख्वाजा गरीब नवाज के उर्स के लिए पाकिस्तान से 402 जायरीनों का जत्था भी शनिवार सुबह अजमेर पहुंच गया।
विशेष ट्रेन से सुबह दो घंटे देरी से अजमेर पहुंचे इन जायरीनों में से कुछ ने स्टेशन पर उतरते ही जमीं चूमी और उर्स में बुलाने के लिए ख्वाजा को धन्यवाद दिया। पाक जत्थे के कड़े सुरक्षा घेरे में स्टेशन से निकालकर सेंट्रल गर्ल्स स्कूल पुरानी मंडी ले जाया गया। पाक जत्थे की ओर से शनिवार शाम चार बजे ख्वाजा को चादर पेश की गई। पाक जत्था 8 अप्रैल तक यहां ठहरेगा। तब तक स्कूल को कड़े सुरक्षा घेरे में रखा जाएगा।