आज बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर की 126वीं जयंती है और इस मौके पर पूरे देश में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पीएम मोदी और राष्ट्रपति ने भी इस मौके पर संसद भवन में बाबा साहेब को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पीएम मोदी नागपुर पहुचें जहां वो सबसे पहले बाबा साहेब की दीक्षास्थली गए और प्रार्थना की। उसके बाद उन्होंने यहा कई महत्वपूर्ण चीजें देखीं।
मोदी यहां से कोराडी थर्मल पावर प्लांट जाएंगे जहां वो बिजली उत्पादन की नई इकाई देश को समर्पित करेंगे। नागपुर जाने से पहले पीएम ने ट्वीट किया और लिखा कि आंबेडकर जयंती के पावन अवसर पर पूज्य बाबासाहेब को नमन। #जयभीम!
नागपुर जिला सूचना अधिकारी ने पीएम मोदी की यात्रा की जानकारी देते हुए एक विज्ञप्ति में कहा कि वह शहर के हवाई अड्डे पर सुबह 10.45 बजे पहुंचेंगे, जहां से वह आंबेडकर की 126वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए दीक्षाभूमि जाएंगे। इसके बाद वह कोराडी थर्मल पावर स्टेशन के लिए रवाना होंगे, जहां वह महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. विद्यासागर राव की मौजूदगी में महाजेनको की 1980 मेगावाट कोराडी थर्मल पावर परियोजना को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
वह दोपहर करीब 12.25 बजे नीति आयोग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में डिजिधन और लकी ग्राहक योजनाओं के विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे साथ ही आधार पे की शुरुआत भी करेंगे। वह दीक्षाभूमि का डाक टिकट भी जारी करेंगे और इस अवसर पर लोगों को संबोधित करेंगे।
इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, रवि शंकर प्रसाद, प्रकाश जावड़ेकर, पीयूष गोयल, रामदास अठावले, हंसराज अहीर और अन्य नेता भी मौजूद रहेंगे। पीएम मोदी दोपहर दो बजकर 10 मिनट पर दिल्ली के लिए रवाना होंगे।